रूबरू | Part 7 | Rubaru – A Hindi Story of Love and Relationships

कौन है वह लड़की जो मेरी ज़िन्दगी में शामिल होगी। क्या मुझे भी कभी प्यार होगा? या फिर यूं ही बिना प्यार के शादी करके मेरी ज़िन्दगी गुज़र जायेगी।

आज मेरा दिल इतना बेचैन क्यों हो गया है? क्यों मेरा दिल कह रहा कि मैं भी किसी से प्यार करूं। 
कोई लड़की मेरी भी ज़िन्दगी में हो। 
ताबिश अपने मन की उलझन को सुलझाने में लगा था। लेकिन उसकी उलझन कम होने के बजाए बढ़ती जा रही थी।

...

तुम इतना क्यों सोच रही हो? जब शादी के लिए हां कर ही दी है, फिर इतनी चिंता क्यों? हिना अशमारा को देखकर परेशान हो जाती है।
मैं क्या करूं मुझे कुछ समझ नहीं आ रहा। कहीं मैंने कोई गलत फैसला तो नहीं ले लिया। आकिल ने मुझसे रिश्ते के लिए कहा और मैं मान गई। क्या मैंने जल्दबाज़ी कर दी मुझे थोड़ा वक्त लेना चाहिए था? अशमारा अपनी उलझन हिना के सामने रखती है।
तुमने कोई गलत फैसला नहीं लिया है। आकिल एक अच्छा लड़का है। अच्छी जॉब है। मैं भी उसी कम्पनी में काम करती हूं। बॉस का दाहिना बाज़ू है वह। हर कोई आफिस में उस पर रश्क करता है। क्योंकि बॉस उसे बहुत मानते हैं। आकिल तो उनकी फैमली के साथ भी जुड़ा हुआ है। इसलिए तुम बिल्कुल भी परेशान मत हो। हिना एक बार फिर उसे समझाती है।
कैसे परेशान ना हूं आकिल इटली चला गया। मुझसे मिले बिना। हालांकि उसने मैसेज किया था। लेकिन उसे एक बार मिलकर जाना चाहिए था।
शादी की तैयारियां मैं अकेले ही कर रही हूं। अशमारा का मन यही सब सोच कर उदास हो रहा था।
कोई काम हो तो मुझे बोल देना। लेकिन परेशान मत होना। और वैसे भी आकिल की तरफ की सारी तैयारियां तो वेंडिंग प्लानर वाले कर रहे हैं।
सुना है बॉस ने कहा है कि शादी में कोई कमी नहीं होनी चाहिए। आकिल की बहन के ससुराल वाले तो बहुत खुश हैं कि शादी इतने शानदार तरीके से हो रही है।
अब मैं चलूं? हिना उठते हुए पूछती है।
हां ठीक है जाओ। हल्दी वाले दिन टाइम से आ जाना। अशमारा ने उसे याद दिलाया।
हां ठीक है आ जाऊंगी। अब तुम भी थोड़ा आराम करो। खुश रहो। चेहरे पर रौनक आयेगी। हिना उसके गले लग कर कहती है। और बाहर चली जाती है।

...

शादी के फंक्शन शुरू हो चुके थे। आकिल इटली से आ गया था। आते ही उसने अशमारा से मिलने का सोचा। लेकिन सब ने मना कर दिया कि अब शादी के बाद ही मिलना। उस ने अशमारा से फोन पर ही बात करके तसल्ली कर ली।
हल्दी का फंक्शन शुरू हो गया था। लड़के वालों को हल्दी लेकर आते ही रस्में शुरू होने वाली थी। 
पीले कलर की ड्रेस और पीले कलर के फूलों की ज्वैलरी के साथ अशमारा तैयार हो रही थी। न जाने क्यों उसका दिल बहुत उदास था। वह खुश होना चाह रही थी मगर उसका दिल बेचैन था।
तभी पास रखा उसका फोन बज उठा। स्क्रीन पर नज़र पड़ते ही वह मेकअप कर रही लड़की को बाहर जाने का इशारा करती है।
हेलो...उसकी आवाज़ बहुत ही धीमी थी।
क्या हुआ नाराज़ हो? दूसरी तरफ से आकिल की मुस्कुराती हुई आवाज़ आई।
नहीं...उसकी आवाज़ का धीमापन कम नहीं  हुआ।
तो फिर इतना उदास क्यों हो? आज से हमारी शादी की रस्में शुरू हो रही हैं... मैं थोड़ी देर में तुम्हारे घर के लिए निकल रहा हूं। आकिल के हर शब्द से खुशी झलक रही थी।
पता नहीं क्यों दिल बहुत घबरा रहा है। ऐसा लग रहा है जैसे कुछ ठीक नहीं है। अशमारा ने धीमे स्वर में कहा।
अरे पागल, शादी के पहले ऐसा ही होता है। हर लड़की घबरा जाती है। तुम बेवजह सोच रही हो।
नहीं बात सिर्फ घबराहट की नहीं है। दिल बार-बार कह रहा है कि तुम्हें एक बार देख लूं।
मैं तुमसे मिलना चाहती हूं आकिल...
मैं बस थोड़ी देर में तुम्हारे पास रहूंगा। अभी थोड़ा  इंतज़ार कर लो... फिर सारी ज़िन्दगी तुम्हारे सामने ही रहूंगा।
आकिल हल्का सा हंस पड़ा। उसे अशमारा का यूं उसके लिए बेचैन होना उसे अच्छा लगा।
अशमारा के होंठों पर हल्की मुस्कान आई, लेकिन दिल की बेचैनी कम नहीं हुई।
आकिल एक बात पूछूं?
पूछो।
शादी के बाद भी तुम ऐसे ही मेरा ख्याल रखोगे ना?
शादी के बाद नहीं आखरी सांस तक।
यह सुनकर अशमारा कुछ पल के लिए खामोश हो गई।
क्या हुआ? आकिल परेशान हुआ।
कुछ नहीं... तुम्हारी आवाज़ सुनकर अच्छा लगा।
और मुझे तुम्हारी। अच्छा, अब मुस्कुराओ। मैं पहुंचकर सबसे पहले तुम्हें ही देखूंगा। आकिल का दिल खिल उठा।
जल्दी आना मैं इंतज़ार कर रही हूं।
बस...निकल ही रहा हूं। अपना ख्याल रखना।
तुम भी।
दोनों ने फोन रख दिया, लेकिन न जाने क्यों अशमारा का दिल अब भी किसी अनजाने डर से कांप रहा था।
तभी उसकी कज़िन मारिया अंदर आती है।
बहुत खूबसूरत लग रही हो। अशमारा को देखते ही वह प्यार से कहती है।
अशमारा मुस्कुरा देती है।
सुना है बॉस अपनी गाड़ी से आकिल को साथ लेकर आ रहे हैं। हिना आते ही उसे खबर देती है।
अच्छा तो…अशमारा को कोई खुशी नहीं हुई।
तो क्या… बहुत बड़ी बात है यह। बॉस इस तरह कहीं नहीं जाते हैं। आठ दस गाड़ी उनकी गाड़ी के आगे पीछे चलती है। और वह यहां पर आ रहे हैं। हिना खुशी से कहती है।
लेकिन ना जाने क्यों अशमारा को किसी भी बात से कोई खुशी नहीं होती है।
आकिल के घर से फोन आता है कि वह लोग घर से निकल गए है। 
घर के लोग सारी तैयारियों का एक बार फिर जायज़ा लेते हैं। और लड़के वालों का इंतेज़ार करने लगते हैं।
अचानक बाहर से ज़ोर-ज़ोर से लोगों की आवाज़ें आने लगीं। घर में अफरा-तफरी मच गई। तभी एक आदमी हांफते हुए अंदर आया। उसके चेहरे का रंग उड़ा हुआ था।
क्या हुआ? सबने एक साथ पूछा।
आकिल...आकिल की गाड़ी पर हमला हुआ है। उसने कांपती आवाज़ में कहा।
क्या? 
कोई जाकर पता करो। यह क्या कह रहा है...
ऐसा नहीं हो सकता...
कह दो कि यह झूठ है...
हर तरफ से अलग-अलग आवाज़ें आ रहीं थीं।
हर तरफ एक शोर था।
तभी...
एक और व्यक्ति बदहवास सा अंदर आया।
गोली...आकिल को गोली लगी है।
आकिल की मौत हो गई।

जारी है… 





Comments

Popular posts from this blog

कुछ अनकही (कालेज वाला प्यार) भाग 1 | Kuch Ankahi: Unspoken College Love Story Part 1 | Emotional Hindi Romance

धड़कन | भाग 1| Dhadkan Part 1 | Heart Touching Hindi Love Story

रूबरू | Part 1 | Rubaru – A Hindi Story of Love and Relationships